Guwa (Sandeep Gupta) भारतीय मज़दूर संघ (BMS) ने सेल प्रबंधन पर कर्मचारियों के आर्थिक एवं वैधानिक अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय अवकाश अतिरिक्त वेतन (National Holiday Extra Wage) और उच्च पेंशन (Higher Pension) अंशदान की गणना में हुई कथित त्रुटियों को तत्काल सुधारने की मांग की है। संगठन के सह उद्योग प्रभारी (स्टील सेक्टर) हिमांशु बल ने इस संबंध में राउरकेला सेल प्रबंधन को पत्र भेजा है। हिमांशु बल ने बताया कि दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) को छोड़कर राउरकेला स्टील प्लांट (RSP), बोकारो स्टील प्लांट (BSL), भिलाई स्टील प्लांट (BSP), आईआईएससीओ (IISCO), सेलम स्टील प्लांट, अलॉय स्टील प्लांट (ASP) तथा सेल की सभी खदानों में 26 जनवरी 2026 के राष्ट्रीय अवकाश का अतिरिक्त वेतन संशोधित महंगाई भत्ते (New DA) के बजाय पुराने महंगाई भत्ते (Old DA) के आधार पर भुगतान किया गया।
इसके अलावा जनवरी और फरवरी 2026 के अतिरिक्त वेतन का भुगतान भी पुराने DA के आधार पर किए जाने से कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हुआ है। BMS का यह भी आरोप है कि राउरकेला और बोकारो स्टील प्लांट में जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 के दौरान 58 वर्ष की आयु पूरी कर उच्च पेंशन के पात्र बने कर्मचारियों के EPF अंशदान की गणना भी पुराने DA के आधार पर की गई। संगठन के अनुसार इससे प्रभावित कर्मचारियों की मासिक पेंशन में जीवनभर के लिए लगभग 200 से 400 रुपये तक की कमी हो सकती है। संगठन ने इस मामले को केवल तकनीकी त्रुटि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह कर्मचारियों के आर्थिक एवं वैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है और न्यू लेबर कोड के वेज एक्ट तथा सोशल सिक्योरिटी एक्ट की भावना के विपरीत है। भारतीय मज़दूर संघ ने सेल की सभी इकाइयों के पदाधिकारियों से संबंधित प्रबंधन को पत्र लिखकर त्रुटियों को तत्काल सुधारने और प्रभावित कर्मचारियों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने की अपील की है।
संगठन ने 26 जनवरी 2026 के राष्ट्रीय अवकाश अतिरिक्त वेतन की संशोधित DA के आधार पर पुनर्गणना, जनवरी एवं फरवरी 2026 के अतिरिक्त वेतन का सही DA के अनुसार भुगतान, उच्च पेंशन अंशदान की दोबारा गणना तथा सभी प्रभावित कर्मचारियों को अंतर राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। हिमांशु बल ने चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन ने जल्द ही इस मामले का समाधान नहीं किया, तो भारतीय मज़दूर संघ कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए रीजनल लेबर कमिश्नर के समक्ष मामला उठाएगा तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी करेगा।

No comments:
Post a Comment