Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा बाजार के अंदर स्थित वर्षों पुराना एक विशाल बरगद का पेड़ गुरुवार को करीब दोपहर 1:30 बजे अचानक भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। गिरा हुआ पेड़ सीधे नीचे स्थित तीन मुर्गा दुकानों के शेड पर आ गिरा, जिससे समीर कुरैशी, रंजीत निषाद और शंकर सामंत की दुकानों के शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के समय तीनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर मौजूद थे। हालांकि, संयोगवश किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी और न ही कोई जनहानि हुई। स्थानीय लोगों ने इसे बड़ी दुर्घटना टलने की घटना बताते हुए राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए नुकसान की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त दुकानदारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने तथा बाजार क्षेत्र में जर्जर एवं जोखिमपूर्ण पेड़ों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment