Guwa (Sandeep Gupta) गुरुवार को बड़ाजामदा में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा उड़ीसा सीमा स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए राम मंदिर परिसर पहुंची। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
पूरे मार्ग में "जय जगन्नाथ" के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। राम मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के बीच रथ के नीचे से खिचड़ी और खीर का महाप्रसाद वितरित किया गया।
श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया और भगवान जगन्नाथ से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही तथा आयोजन शांतिपूर्ण और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।



No comments:
Post a Comment