Jamshedpur (Nagendra) आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा सिविल डिफेंस एयर रेड मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। एयर रेड एवं सर्च एंड रेस्क्यू का अभ्यास सीएच एरिया स्थित महारानी मेंशन में किया गया। अपराह्न 4:00 बजे एयर रेड की सूचना मिलते ही जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन साकची थाना स्थित जिला कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां से पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग करते हुए वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान सिटी एसपी ललित मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा सहित सिविल डिफेंस के नोडल पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। आपात स्थिति को देखते हुए जिला कंट्रोल रूम से अग्निशमन सेवा, पुलिस, यातायात पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को तत्काल अलर्ट संदेश प्रेषित किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। सीएच एरिया स्थित महारानी मेंशन में अपराह्न 4:05 बजे सायरन बजते ही राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। निर्धारित एसओपी के अनुरूप सिविल डिफेंस, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य एजेंसियों की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च एंड रेस्क्यू अभियान चलाया।
अपराह्न 4:13 बजे जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, सिटी एसपी एवं अन्य वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लगभग 25 मिनट तक चले अभियान के दौरान सभी घायल एवं प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
वहीं मौके पर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपदा अथवा युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना तथा संसाधनों की तैयारियों का आकलन करना था, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अरुण कुमार, प्रधान सहायक सुरेश प्रसाद सहित अन्य की महती भूमिका रही।






No comments:
Post a Comment