Guwa (Sandeep Gupta) गुवा में मंगलवार देर रात सिंगिंग स्टार ग्रुप के तत्वावधान में हिंदी सिनेमा के महान पार्श्व गायक एवं अभिनेता किशोर कुमार की 97वीं जयंती श्रद्धा, सम्मान और संगीत के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन उनके प्रशंसक अरुण कुमार वर्मा द्वारा किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद केक काटकर उनकी जयंती मनाई गई। समारोह में उपस्थित कलाकारों ने किशोर कुमार के संगीत जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें सुरों का बादशाह बताया।
कई कलाकार वर्चुअल माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े और अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर योगेंद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि किशोर कुमार एक ऐसे हरफनमौला कलाकार थे, जिन्होंने अपनी अनूठी गायकी, अभिनय और संगीत से हर पीढ़ी के दिलों में विशेष स्थान बनाया। वहीं आयोजक अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि किशोर कुमार के अमर गीत आज भी करोड़ों संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज कर रहे हैं और अनेक कलाकारों के लिए प्रेरणा एवं आजीविका का माध्यम बने हुए हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। मेरे नैना सावन भादो, प्यार मांगा है तुम्हीं से,मेरे महबूब कयामत होगी और रिमझिम गिरे सावन जैसे सदाबहार गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले इस संगीत समारोह में दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने कहा कि आने वाले वर्षों में किशोर कुमार की जयंती को और अधिक भव्य एवं व्यापक रूप से मनाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भी उनके संगीत और व्यक्तित्व से प्रेरणा ले सके। इस अवसर पर अरुण कुमार वर्मा, हरजीवन कच्छप, योगेंद्रनाथ त्रिपाठी, संतोष बेहेरा, डॉ. अमन कुमार, अनूप नाग, ब्रजभूषण लाल, शाहिदा, राजकिशोरी, आशुतोष सहित अनेक कलाकार एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।




No comments:
Post a Comment