Guwa (Sandeep Gupta) लौह नगरी किरीबुरू में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार 5 अगस्त की अहले सुबह दो अज्ञात चोरों ने मुख्य बाजार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के साथ-साथ जयराम भगत और कमलेश कुमार जयसवाल की जनरल स्टोर को निशाना बनाया। दोनों चोर करीब डेढ़ घंटे तक मुख्य सड़क किनारे बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे और फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों चोरों ने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे को कपड़े से तथा शरीर को कंबल से ढंक रखा था। रात करीब 1:05 बजे वे सबसे पहले जयराम भगत की दुकान पहुंचे।
यहां उन्होंने दुकान के बाहर लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी और मोटी लोहे की सरिया से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकान में घुसते ही चोर कैश बॉक्स उठा ले गए तथा परफ्यूम सहित कुछ अन्य सामान भी चोरी कर लिया। दुकान संचालक जयराम भगत ने बताया कि कैश बॉक्स में केवल कुछ छुट्टे पैसे थे, इसलिए अधिक आर्थिक नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद चोरों ने पास स्थित कमलेश कुमार जयसवाल की जनरल स्टोर का ताला भी तोड़ दिया। हालांकि शटर अंदर से लॉक होने के कारण वे दुकान के भीतर प्रवेश नहीं कर सके, जिससे इस दुकान में चोरी की वारदात टल गई। करीब 2:20 बजे दोनों चोरों ने मुख्य बाजार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को निशाना बनाया। यहां भी उन्होंने सबसे पहले बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा ऊपर कर दी और लोहे की सरिया से ताला तोड़कर दुकान में घुस गए।
कैश बॉक्स में नकदी नहीं मिलने पर चोर अलग-अलग ब्रांड की करीब दर्जनभर शराब की बोतलें लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले प्रॉस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथल की दुकान में भी इसी तरह ताला तोड़कर चोरी की गई थी। तीनों घटनाओं का तरीका लगभग एक जैसा है। चोर पहले कैश बॉक्स को निशाना बनाते हैं और नकदी नहीं मिलने पर सीमित सामान लेकर फरार हो जाते हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही वन विभाग कार्यालय के समीप 11 केवी विद्युत लाइन से चोर करीब 100 मीटर कॉपर तार काटकर फरार हो गए थे। उस दौरान स्थानीय लोगों ने चोरों का पीछा भी किया था, लेकिन वे मौके से भाग निकले। उनकी इस्तेमाल की गई सीढ़ी वन विभाग के कर्मचारियों ने जब्त कर ली थी।
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है तथा चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment