Guwa (Sandeep Gupta) बुधवार आधी रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश के कारण गुवा से बड़ाजामदा जाने वाले मार्ग में पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। इससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। गुवा से बड़ाजामदा जाने के लिए दो प्रमुख रास्ते हैं। एक मार्ग हाथी चौक होकर जाता है, जबकि दूसरा पंचमुखी हनुमान मंदिर होते हुए बोकना पुल से होकर गुजरता है। बोकना पुल वाला मार्ग अपेक्षाकृत छोटा है और इससे बड़ाजामदा की दूरी करीब तीन किलोमीटर कम पड़ती है। वहीं, हाथी चौक होकर जाने पर लोगों को करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
लगातार बारिश और बोकना पुल के ऊपर पानी बहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए गुवा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि अत्यधिक जरूरी होने पर ही लोग घर से बाहर निकलें। वहीं, कारो नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और नदी उफान पर है। प्रशासन ने लोगों को कारो नदी में मछली पकड़ने तथा नहाने के लिए जाने से पूरी तरह बचने की चेतावनी दी है। लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान नदी और पुल के आसपास जाने से बचें तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

No comments:
Post a Comment