- बालाजी सुखचैन मोड़ के पास दिखे हाथी, झुंड में छोटे बच्चे भी शामिल; सतर्क रहने की अपील
Guwa (Sandeep Gupta) पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बड़ाजामदा में जंगली हाथियों के झुंड की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह बालाजी सुखचैन मोड़ के पास करीब 17 से 18 जंगली हाथियों का झुंड देखा गया। झुंड में छोटे हाथियों के बच्चे भी शामिल थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से हाथियों का यह झुंड नोवामुंडी प्रखंड के विभिन्न इलाकों में लगातार घूम रहा है। हाथियों की बार-बार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर झुंड में छोटे हाथियों के बच्चे होने के कारण लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के झुंड को देखकर उनके नजदीक जाने, उन्हें घेरने या भगाने की कोशिश न करें।
हाथियों को परेशान करने के लिए शोर मचाना भी खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही, फोटो और वीडियो बनाने के लिए हाथियों के करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है। ऐसे में वन विभाग को क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि हाथियों का झुंड दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके तथा मानव और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

No comments:
Post a Comment