- गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
Guwa (Sandeep Gupta) डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में डीएवी सीएमसी, दिल्ली के निर्देशानुसार गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर प्राचार्य प्रवीण कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय परिसर से एकता दौड़ निकाली गई, जिसमें कक्षा तृतीय से 12वीं तक के करीब 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने दौड़ के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भाव एवं भाईचारे से जुड़े नारे लगाए।
शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ में सहभागिता की। इस अवसर पर प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। शिक्षक इंचार्ज पीके आचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी राष्ट्रहित एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता, अनुशासन और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, स्वच्छता एवं सामाजिक सद्भाव के संकल्प के साथ हुआ। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

.jpeg)

No comments:
Post a Comment