Guwa (Sandeep Gupta) डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में प्राचार्या माधवी पांडेय के मार्गदर्शन में महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने महर्षि दयानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्राचार्या माधवी पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने शिक्षा, सामाजिक सुधार और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया था। वे आर्य समाज के संस्थापक, महान समाजसुधारक एवं शिक्षाविद थे। उनका जीवन सत्य, साहस और ज्ञान के प्रति समर्पित था, जो आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को आत्मसात कर अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए।
जयंती के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन गुवा क्लब में किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात कैरियर काउंसलर स्मिता भास्कर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कक्षा नवम, दशम एवं बारहवीं के छात्र-छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास तथा समय प्रबंधन के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस प्रकार महर्षि दयानंद सरस्वती की जयंती को ज्ञान, प्रेरणा और मार्गदर्शन से परिपूर्ण रूप में मनाया गया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment