Guwa (Sandeep Gupta) केरल की राजधानी त्रिवेंद्रम में 28 जनवरी से 1 फरवरी तक आयोजित पांच दिवसीय 46वें नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में जिला पश्चिमी सिंहभूम के दो प्रतिभाशाली धावकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और अपने-अपने गांव का नाम रोशन किया। देशभर से आए अनुभवी खिलाड़ियों के बीच पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ियों की सफलता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी है। सोनापोसी गांव निवासी 35 वर्षीय मुन्ना बिरुली ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेते हुए 3000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर मिली यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। वहीं कमारडुंगी गांव निवासी रसिक चंद्र हेस्सा ने 30 प्लस आयु वर्ग में भाग लेते हुए अपनी क्षमता का बेहतरीन परिचय दिया।
उन्होंने 400 मीटर, 800 मीटर तथा 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर तीन स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर हुई है। दोनों धावकों की इस शानदार सफलता पर स्थानीय ग्रामीणों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।





































No comments:
Post a Comment