Jamshedpur (Nagendra) स्वावलंबी झारखण्ड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर (एस.जे.एम.डी.सी.) द्वारा बिष्टुपुर स्थित अपने कार्यालय में लघु ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 30 महिलाओं के बीच कुल 10 लाख रुपये का लघु ऋण वितरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खादी ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य एवं पूर्वी क्षेत्र के पूर्व चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस ऋण राशि का उपयोग अपने वर्तमान व्यवसाय को विस्तार देने या नए लघु उद्यम शुरू करने में करें।
साथ ही उन्होंने आय का एक हिस्सा बचत के रूप में निवेश करने की सलाह दी, जिससे भविष्य में व्यवसाय को बड़े स्तर पर विकसित किया जा सके। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय पर्यावरण सह-प्रमुख बंदेशंकर सिंह ने कहा कि संस्था भविष्य में महिला सदस्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन भी करेगी, जिससे उन्हें नए व्यवसाय स्थापित करने में आवश्यक कौशल प्राप्त हो सकेगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग प्रमुख कमलेश कुमार कमलेन्दु ने भी उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख पंकज कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में घनश्याम दास, मुकेश कुमार, अमित कुमार, रमेश कुमार सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment