Guwa (Sandeep Gupta) मेघाहातुबुरु स्थित सेल के मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने ऑफिस परिसर के तीन स्टोर रूम का ताला तोड़कर लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के उपकरणों की चोरी कर ली। चोरी गए सामानों में वेल्डिंग मशीन, कटर/ग्राइंडिंग मशीन, कॉपर केबल सहित दो एक्सटेंशन बोर्ड, चार पुराने पंखे तथा अन्य उपयोगी सामग्री शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सेल के ठेकेदार बोरेन और शिबू सरकार ने बताया कि 12 जून को ही वे नई वेल्डिंग मशीन और अन्य उपकरण लाकर स्टोर रूम में रखे थे। रात के अंधेरे में चोरों ने ताला तोड़कर सभी सामान पर हाथ साफ कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में यह पहली घटना नहीं है। यहां पहले भी छह से सात बार चोरी हो चुकी है, लेकिन अब तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। इसी बीच एक दिन पहले ठेकेदार कॉलोनी में ठेकेदार डी.के. सिंह के घर से एक नाबालिग द्वारा मोबाइल चोरी किए जाने की घटना भी सामने आई थी।
हालांकि स्थानीय दुकानदार की सतर्कता से चोरी हुआ मोबाइल उसके असली मालिक को वापस मिल गया। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग, कर्मचारी और ठेकेदारों में दहशत का माहौल है। लोगों ने चोर गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा बेसहारा बच्चों के पुनर्वास के लिए सामाजिक और प्रशासनिक पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

No comments:
Post a Comment