Guwa (Sandeep Gupta) अंतर्राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर झारखंड मज़दूर संघर्ष संघ, किरीबुरू एवं मेघाहातूबुरू की ओर से किरीबुरू जनरल अस्पताल के चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान तीनों पालियों में कार्यरत डॉक्टरों को पुष्पगुच्छ एवं डायरी भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे अस्पताल के इंडोर विभाग में प्रथम पाली के चिकित्सक डॉ. मधुसूदन दास को सम्मानित कर की गई। वहीं दिनभर विभिन्न पालियों में कार्यरत डॉक्टरों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन रात्रि पाली के चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार को पुष्पगुच्छ एवं डायरी भेंट कर किया गया।
इस अवसर पर झारखंड मज़दूर संघर्ष संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने वाले ऐसे योद्धा हैं, जिन्हें कर्म के आधार पर भगवान का दूसरा स्वरूप माना जाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर उत्पादन का आधार हैं, इसलिए खदानों के उत्पादन में डॉक्टरों और अस्पताल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेघाहातूबुरू इकाई की ओर से सामुदायिक भवन में भी चिकित्सकों का सम्मान किया गया। इसके अलावा शाम 4:30 बजे किरीबुरू जनरल अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। रात्रि पाली में डॉ. मनोज कुमार से मुलाकात के दौरान संगठन के संयुक्त महामंत्री सुनील कुमार पासवान, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी संजय तिग्गा, दर्शन नायक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment