- जनप्रतिनिधियों की पहल पर टाटा स्टील प्रबंधन का फैसला, मरीजों को मिलेगी राहत
Guwa (Sandeep Gupta) टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में मरीजों से लिए जाने वाले रजिस्ट्रेशन शुल्क में वृद्धि को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल रंग लाई है। टाटा स्टील प्रबंधन ने रजिस्ट्रेशन फीस को घटाकर पूर्व निर्धारित दर 100 रुपये कर दिया है। इससे नोवामुंडी सहित आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को राहत मिलेगी। गौरतलब है कि अस्पताल में रजिस्ट्रेशन एवं चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में हाल में की गई वृद्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई थी। इस संबंध में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने टाटा स्टील के महाप्रबंधक (ओएमक्यू) देवाशीष जेना को पत्र सौंपकर बढ़े हुए शुल्क को वापस लेने की मांग की थी।
पत्र में कहा गया था कि नोवामुंडी एवं आसपास का क्षेत्र दुर्गम और वनवासी बहुल है। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार रहते हैं। ऐसे में चिकित्सकीय शुल्क में कई गुना वृद्धि से जरूरतमंद मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। विशेष रूप से चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में लगभग छह से सात गुना वृद्धि को जनहित के विरुद्ध बताते हुए पूर्व निर्धारित दर लागू करने की मांग की गई थी। बैठक के दौरान महाप्रबंधक देवाशीष जेना ने आश्वासन दिया था कि टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में रजिस्ट्रेशन फीस जल्द ही पूर्व की दर के अनुसार निर्धारित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि अस्पताल से प्राप्त राशि से टाटा स्टील का संचालन नहीं होता, बल्कि इस आय का उपयोग मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाता है।
इसके बाद प्रबंधन ने रजिस्ट्रेशन फीस को घटाकर 100 रुपये करने का निर्णय लिया। बैठक में टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से एचआर चंदन साहू सहित जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, उप प्रमुख ज्योति दास, किरीबुरू पश्चिमी पंचायत की मुखिया पार्वती किड़ो, मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत की मुखिया प्रफुल्लित ग्लोरिया तथा मेघाहातुबुरु उत्तरी पंचायत की मुखिया लिपि मुंडा मौजूद थीं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रबंधन के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि रजिस्ट्रेशन फीस में कमी से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।


No comments:
Post a Comment