- गुवा रेलवे साइडिंग में न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान का आरोप, झारखंड मजदूर यूनियन ने आंदोलन की बनाई रणनीति
Guwa (Sandeep Gupta) सेल के ठेकेदारों द्वारा ठेका मजदूरों के कथित शोषण को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूरों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए झारखंड मजदूर यूनियन ने ठेकेदारों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
शुक्रवार देर शाम गुवा बाजार स्थित झारखंड मजदूर यूनियन कार्यालय में ठेका मजदूरों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने कहा कि गुवा रेलवे साइडिंग में कार्यरत मजदूरों को ठेकेदारों द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से भी कम भुगतान किए जाने की शिकायत सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी), चाईबासा, सेल गुवा प्रबंधन तथा सेल के उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही यूनियन स्तर पर रणनीति तैयार की जाएगी।
हेमराज सोनार ने कहा कि यदि मजदूरों को निर्धारित मजदूरी और अन्य वैधानिक सुविधाएं नहीं मिलती हैं तो ठेकेदारों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक से पूर्व यूनियन कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। उपस्थित मजदूरों एवं यूनियन पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को याद किया।



No comments:
Post a Comment