- मरीजों के बीच फल वितरित कर युवाओं ने दिया सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश
Guwa (Sandeep Gupta) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर यूथ एकता की ओर से शुक्रवार को गुवा सेल अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके आदर्शों को याद करते हुए समाजसेवा के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी। सदस्यों ने कहा कि दोनों महापुरुषों ने देश और समाज के लिए सेवा, त्याग, सादगी तथा कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।
उनके विचारों से प्रेरणा लेकर जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी है। यूथ एकता के सदस्यों ने अस्पताल में मरीजों का हालचाल भी जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। फल वितरण के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों एवं परिजनों ने युवाओं के इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर यूथ एकता के रोहित पांडे, पृथ्वी महाकुड़, शकील खान, शादाब खान, शिवकुमार महतो, गोविंदा कुमार, अभिजीत चटर्जी, अनीश खान, अल्बर्ट, रितेश पुष्टि, गोविंदा कुम्हार, विक्रम तांती, पवन मुंडा, सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में नवयुवक मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment